गजरौला(अमरोहा)। सुबह सवेरे आई-तेज आंधी और बारिश से बिजली के पोल उखड़कर गिर गए। इससे औद्योगिक क्षेत्र में स्थित 13 इकाइयों की सप्लाई ठप हो गई। शाम को वैकल्पिक व्यवस्था कर आपूर्ति सुचारु कराई गई। वहीं नाईपुरा में ढाई सौ केवी का ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। बिजली के तार सही करने के लिए टीम को दिनभर पसीना बहाना पड़ा।
शनिवार की सुबह लगभग छह बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी के कारण इंडस्ट्रियल एरिया वन में स्थित नाईपुरा बिजलीघर के सामने लगे बिजली के खंभे गिर गए। इससे 13 फैक्ट्रियों की सप्लाई ठप हो गई। जानकारी होने पर बिजलीकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में टीम भेजकर वहां टूटी लाइनों को सही कराने का काम शुरू करा दिया गया। हालांकि इसमें दोपहर तक सफलता नहीं मिलने पर फैक्ट्रियों को कहीं और से सप्लाई मुहैया कराई गई। जेई साहब सिंह ने बताया कि वहां काम चल रहा है। वहीं मोहल्ला नाईपुरा में में बारिश के दौरान ढाई सौ केवी का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से इलाके की सप्लाई ठप हो गई। वहां भी मरम्मत का काम शुरू किया गया। आंधी-बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में भी बिजली गुल होने की शिकायतें मिलीं। वहां भी बिजलीकर्मियों की टीमों को भेजा गया। जेई साहब सिंह ने बताया कि आंधी-बारिश के कारण विभाग को काफी क्षति पहुंची है।
अहरौला तेजवन में बिजली संकट गहराया
गजरौला। ब्लाक के गांव अहरौला तेजवन में ग्रामीणों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्राम प्रधान पप्पूराम ने बताया कि उनके गांव में रात्रि के शेड्यूल में ही सप्लाई दी जा रही है। दिन में बिजली नहीं मिलने से परेशानी होती है। कई बार इसकी शिकायत अफसरों एवं सांसद-विधायक से की जा चुकी है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्पीड पोस्ट से शिकायती पत्र भेजने की बात कही है। पत्र पर ग्राम प्रधान के साथ ही राजेंद्र सिंह, रामसिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, संतोष, रामप्रकाश, पृथी सिंह, रामौतार सिंह, कृपाल सिंह, विक्रम सिंह, मोहन सिंह, अमित, कमल सिंह, विजय, कैलाश, बाबूराम बौद्ध, जीवन, लोकेश आदि के हस्ताक्षर हैं। संवाद
मुबारकपुर खुर्द में छह माह से नहीं मिल रही घरेलू बिजली आपूर्ति
गजरौला। ब्लाक के गांव मुबारकपुर खुर्द में बीते छह माह से ग्रामीणों को घरेलू सप्लाई नहीं दी जा रही है। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विधायक राजीव तरारा से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्या बताई। विधायक ने अधिशासी अभियंता हरीश कुमार से बात कर उन्हें समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। शनिवार को गांव में रहने वाले राजेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में पिछले छह माह से घरेलू बिजली की आपूर्ति नहीं की जा रही है। केवल नलकूप पर ही सप्लाई दी जा रही है। उन्होंने इस संबंध में विधायक राजीव तरारा से मिलकर उन्हें पत्र सौंपने की बात भी कही। पत्र पर राजेंद्र सिंह, चेतेंद्रपाल सिंह, महिपाल सिंह,बिजेंद्र सिंह, समरपाल सिंह, चमन सिंह, लोकेंद्र सिंह, भरत सिंह, रणवीर सिंह, छोटे सिंह, नीतू सिंह, हरि सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं। संवाद