अमरोहा। पुलिस प्रेक्षक दीपक पांडेय ने कहा कि मतदाता निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग कर सकें यह सुनिश्चित हो, इसके लिए निर्वाचन में बाधा डालने वाले अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर प्रभावी कार्रवाई अमल में लाएं।
सहायक निर्वाचन अधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक का आयोजन कलक्ट्रेट सभागार में किया गया। पुलिस प्रेक्षक दीपक पांडे ने वल्नरेबल, क्रिटिकल बूथ की जानकारी ली। पूछा कि कितने लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई। अपराधी प्रवृत्ति के कितने लोगों को चिह्नित किया गया, आदि समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष, सकुशल और शांतिपूर्ण होना चाहिए। यदि कोई भी व्यक्ति मतदाता को डराता धमकाता है, जिसके चलते वह मतदान नहीं कर सकता है ऐसे व्यक्तियों को चिह्नित किया जाए। मतदाता को डराने वाले व्यक्ति के साथ कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर रेड नोटिस दिया जाए। जो मतदान करने में मतदाता को बाधा उत्पन्न कर सकते हो तो ऐसे व्यक्तियों को गंभीरता के साथ चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
सामान्य प्रेक्षक राहुल शर्मा ने निर्देश देते हुए कहा कि सकुशल शांतिपूर्ण और निष्पक्ष निर्वाचन में बाधा डालने वाले व्यक्तियों के साथ कड़ाई से निपटा जाए। किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा न जाए। इस दौरान डीएम राजेश कुमार त्यागी, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह, एसडीएम धनौरा, हसनपुर, नौगांवा, सीओ अमरोहा, हसनपुर, नौगांवा, धनौरा आदि मौजूद रहे।