रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार बदमाशों ने महिला को रोक लिया और फिर कुंडल खींचकर भाग गए। शोर मचाने पर तमाम लोग जमा हुए और बदमाशों का पीछा किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव नसीर नंगला निवासी संतोष पत्नी रंगनाथ गत गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे अमरोहा से खरीददारी कर घर लौट रही थी। वाहन से उतरने के बाद वह गांव के लिए पैदल चल पड़ी। इसी दरम्यान बाइक पर सवार दो युवकों ने उसको पीलाकुंड-नसीरनंगला मार्ग पर सलारपुर गांव का रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। जैसे ही वह ठहरी वैसे ही मुंह दबाकर दोनों कानों से कुंडल खींच लिए। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक पर बैठकर भाग। बदमाशों के जाते ही महिला ने शोर मचा दिया। इस पर आस पड़ोस के खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पीड़िता से पूरा माजरा जाना। इसके बाद लुटेरों की खोजबीन की, किन्तु कामयाबी नहीं मिली। शुक्रवार को पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची। पूरा घटनाक्रम बताकर कार्रवाई की मांग की। हालांकि थाना प्रभारी आरपी सिंह ने ऐसी किसी तरह की तहरीर नहीं मिलने की बात कही है। ब्यूरो