ढबारसी। सरकारी गेहूं क्रयकेंद्र पर अव्यवस्था के चलते किसानों का गेहूं समय से नहीं खरीदा जा रहा। जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाराज किसानों ने मंगलवार को क्रयकेंद्र पर हंगाम करते हुए प्रदर्शन किया। क्रयकेंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तहसील क्षेत्र में दढ़ियाल किसान सेवा समिति लिमिटेड पर सरकारी गेहूं क्रयकेंद्र बनाया गया। गांव तलावड़ा निवासी किसान सोमवीर का कहना है कि यहां पर कोई भी अधिकारी नहीं आता है। सिर्फ मजदूर ही अपनी मनमर्जी से गेहूं की तौल करते हैं। मेरे ट्रैक्टर में भरे गेहूं को पांच दिन हो गए। तरह-तरह के बहाने बनाकर गेहूं की खरीद नहीं की जा रही। गेहूं को लेकर इस क्रय केंद्र पर भटक रहा हूं। गांव चचौरा निवासी किसान असलुफ का कहना है कि चार दिन हो गए लेकिन अभी तक गेहूं की तौल नहीं हो सकी। अन्य किसानों का कहना है कि जब हम क्रय केंद्र से संबंधित अधिकारियों को फोन करते हैं तो वह फोन भी नहीं उठाते। कोरोना महामारी में घर से बाहर रहना हमारी मजबूरी बन बन गई है। इसी समस्या को लेकर क्षेत्र के कई किसानों ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में असलूफ, वसीम, सोमवीर, सलीम, प्रमोद, धीरेंद्र कुमार, बिहारी सिंह, श्याम सिंह, दीपचंद आदि मौजूद रहे।
-दढ़ियाल में गेहूं क्रयकेंद्र पर खरीद में लापरवाही होने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो क्रयकेंद्र प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।---विजय शंकर, एसडीएम हसनपुर।