हसनपुर के रामपुर भूड़ में कुत्तों के हमले में बालक की मौत पर बिलखते परिजन।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर (अमरोहा)। क्षेत्र के गांव में माता पिता के साथ खेत पर गए 11 वर्षीय बालक पर कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया। कुत्तों के नोच डालने से गंभीर हालत में पहुंचे बालक को आनन-फानन अस्पताल लाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
घटनाक्रम कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर भूड़ का है। गांव में रहने वाले किसान चंद्रपाल सिंह बुधवार शाम को पत्नी के साथ खेत पर मटर तोड़ने गए थे। उनके साथ 11 वर्षीय बेटा शरद भी था। पति-पत्नी खेत में मौजूद फसल से मटर की फलियां तोड़ने में जुटे तो 11 वर्षीय शरद खेल-कूद में लग गया। अचानक वहां पहुंचे कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। माता-पिता और आसपास मौजूद ग्रामीण चिल्लाते हुए उधर दौड़े लेकिन तब तक कुत्ते बालक को जगह-जगह नोच चुके थे। परिवार के लोग आनन-फानन बालक को लेकर अस्पताल पहुंचे। उपचार की कोशिशें शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि शरद चार भाइयों में सबसे बड़ा था और कक्षा चार में पढ़ता था। वारदात से आक्रोशित ग्रामीणों ने खूंखार कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।