अमरोहा। पोषण के प्रति जागरूकता लाने के लिए उद्देश्य से स्कूलों में पोषण संचेतना अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित होंगे। जुबिलेंट फाउंडेशन व श्री वेंक्टेश्वरा यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक माह तक स्कूलों में कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सोमवार को डीएम ने मोहम्मदाबाद के कंपोजिट स्कूल से इसकी शुरुआत की। डीएम ने कहा कि बच्चों को प्रोटीनयुक्त भोजन देने से बीमारियां भी दूर भाग जाएंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर की गई। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बच्चों से जंक फूड से दूर रहने के साथ ही मोटे अनाज का प्रयोग करने करने की सलाह दी। उन्होंने पेयजल और हैंडवाॅश पर विशेष ध्यान देने को कहा। कहा कि जब प्रत्येक गांव का बच्चा स्वस्थ होगा तभी स्वस्थ भारत की कल्पना की जा सकती है। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने कहा कि सभी को मिलकर अभियान को सफल बनाना होगा। बच्चों ने विभिन्न प्रोटीन व बीमारियों का नाम लिखकर इनसे होने वाले फायदे और नुकसान के बारे में बताया। इसके अलावा बच्चों ने हेल्दी और अनहेल्दी खाद्य पदार्थों के बारे में समझाया।
जंक फूड से होने वाली बीमारी को लेकर नाटिका के माध्यम से जागरूक किया गया। बच्चों की प्रस्तुतियां देख डीएम काफी खुश नजर आईं। उन्होंने विद्यालय स्टाफ की प्रशंसा भी की। इस दौरान उनके साथ जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित, जेबीएफ में मेडिकल हेड डा. सुजिंदर फोगाट, बीईओ बीईओ आरती गुप्ता, बीडीओ प्रतिभा अग्रवाल आदि शामिल रहे।