अमरोहा। कलक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। डीएम ने चयनित सभी गांवों में वजन और ऊंचाई मापने सहित अन्य सभी आवश्यक उपकरण खरीदने के निर्देश दिए। संभव अभियान के तहत चिह्नित सैम बच्चों को दी जा रही दवाओं की समीक्षा करने पर धनौरा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) का स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि सभी बच्चों को दवा समय पर मिले। एमओआईसी गंगेश्वरी के बैठक से अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सैम बच्चों के फॉलोअप में जिन स्थानों पर स्थिति खराब है, संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर और सहायिका की जिम्मेदारी तय करने को कहा। लर्निंग लैब के तहत 18 पैरामीटर्स पर चल रहे कार्यों में खराबी मिलने पर धनौरा, गजरौला, गंगेश्वरी और हसनपुर बीडीओ के स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
केंद्रों पर चल रहे पेयजल, बाला वाटिका, रंगाई पुताई और रैन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को शीघ्रता के साथ सही तरीके से पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। उन्होंने पोषण संचेतना अभियान की प्रगति की जानकारी बीएसए को देते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को संबंधित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लोकार्पण कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. सत्यपाल सिंह, पीडी डीआरडीए अंबरीश कुमार, डीपीओ ज्ञान प्रकाश तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।