शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रमों की समीक्षा, बेसिक शिक्षा के कार्यक्रमों और शैक्षणिक कार्यों में उचित प्रबंधन नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारियों की कार्यशैली खराब है। उन्होंने सभी को इसमें सुधार के निर्देश दिए।
डीएम निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान गठित जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति मध्यान भोजन योजना अंतर्गत जनपद स्तरीय टास्क फोर्स एवं मिशन प्रेरणा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद स्तरीय टास्क फोर्स से चर्चा की गई। डीएम ने पठन-पाठन ऑपरेशन कायाकल्प प्राथमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा गुणवत्ता पूर्ण शैक्षिक कार्यों के संचालन, जनपद स्तरीय टास्क फोर्स सहित कई संबंधित बिंदुओं पर जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
हसनपुर बीईओ से डीएम ने उनके यहां की जानकारी मांगी, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर डीएम ने सुधार के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कायाकल्प के सभी पैरामीटर पर गुणवत्तापूर्ण कार्य समय से हो जाए। सभी बीईओ मौके पर निरीक्षण करें। गलत रिपोर्ट न प्रेषित करें।
इस मौके पर सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, परियोजना निदेशक अमरेन्द्र प्रताप, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक आदि मौजूद रहे।