अमरोहा। डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्य पर जानकारी हासिल करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीएम राजेश कुमार त्यागी ने ईओ नगर पालिका अमरोहा को निर्देश देते हुए कहा कि पानी की निकासी के लिए नालियों की मरम्मत ठीक तरह से होनी चाहिए। कहा कि कच्ची सड़कों की लिस्ट बनाकर आगामी बैठक में चर्चा करें। साथ ही उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत गठित समूहों की आजीविका में सकारात्मक सुधार के लिए उनके द्वारा शक्ति रसोई नाम से कैंटीन के संचालन के लिए पारदर्शी प्रक्रिया से मानकों के आधार पर चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित मलिन बस्तियां विकास योजना के तहत एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो द्वारा मोहल्ला आशियाना कॉलोनी, मोहल्ला दरबार कलां, पंजू सराय नगर पालिका परिषद अमरोहा के लिए प्रस्ताव दिए गए हैं। इस अवसर पर एडीएम एफआर सुरेंद्र सिंह, एसडीएम/ परियोजना अधिकारी डूडा बृजपाल सिंह, एसडीएम सदर सुधीर कुमार व संंबंधित ईओ मौजूद रहे।