प्रदेश के अलग-अलग विभागों में तैनात खिलाड़ियों ने क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज व एथलेटिक्स के लिए ट्रायल दिए थे। जनपद स्तर से लेकर मंडल और प्रदेश स्तर तक हुए ट्रायल के बाद अमरोहा में अलग-अलग विभागों के खिलाड़ियों ने अपना स्थान राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले मुकाबलों के लिए पक्का किया था। इसमें अब बैडमिंटन, क्रिकेट व कबड्डी की प्रतियोगिताओं के लिए स्थान व तारीखों की घोषणा कर दी गई है।
जिले से राष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन के मुकाबले में जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से विपिन कुमार, क्रिकेट में राज्य कर विभाग के जितेंद्र कुमार व कबड्डी में पशुधन प्रसार अधिकारी प्रशांत मलिक व राजस्व विभाग में प्रधान सहायक राजेंद्र सिंह सैनी का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि बैडमिंटन व कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में तीन से आठ जनवरी के बीच होगा। वहीं, क्रिकेट प्रतियोगिता भरत नगर क्रिकेट ग्राउंड नई दिल्ली व विकासपुरी क्रिकेट ग्राउंड जी-ब्लॉक नई दिल्ली में तीन से दस जनवरी के बीच होगी। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने प्रतिभाग करने वाले सभी चयनित खिलाड़ियों को जीत की अग्रिम बधाई दी है।