अमरोहा। जिला अस्पताल के एक चिकित्सक पर गलत तरीके से आपरेशन करने का आरोप लगाकर बच्ची की मौत होने के मामले में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान पैर की नस कटने की वजह से खून ज्यादा बहने से बच्ची की मौत हुई।
मंडी धनौरा थानाक्षेत्र के गांव रमपुरा निवासी नन्हे सिंह की दो माह की बेटी तन्वी के पैर जन्म से ही अंदर की ओर मुड़े थे। बेटी के पैर ठीक होने की उम्मीद में जिला अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था। शनिवार को बच्ची की चौथी पट्टी होनी थी। परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। नन्हे सिंह के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की लापरवाही से बेटी के पैर की नस कट गई और अधिक खून बहने से उसकी हालत बिगड़ गई।
शिकायत करने पर डॉक्टर व कर्मचारियों ने अस्पताल से बाहर कर दिया। साथ ही बच्ची को मेरठ के लिए रेफर कर दिया जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस मामले में जिला अस्पताल के एक चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई को देहात थाने में तहरीर दी है। वहीं, सुपरिटेंडेंट जिला अस्पताल डॉक्टर चरन सिंह का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान बच्ची को डकार आने से उसकी सांस की नली में दूध चला गया था। इससे बच्ची को सांस लेने में दिक्कत हुई और शरीर में ऑक्सीजन लेवल कम होने से उसकी मौत हो गई। लापरवाही का आरोप गलत है।