अमरोहा। कीचड़ के छींटे पड़ने को लेकर ककराली गांव के दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे चले, जमकर पथराव हुआ। आरोप है कि एक पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना से गांव में अफरा-तफरी मची रही। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया। जबकि चार नामजद सहित नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मारपीट की यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के ककराली माफी गांव की है। यहां पर मोहम्मद साबिर और बब्बू के परिवार रहते हैं। इंस्पेक्टर शरद मलिक के मुताबिक गुरुवार देर रात मोहम्मद साबिर का बेटा दानिश घर के बाहर टहल रहा था। तभी बब्बू का बेटा अनस बाइक से गुजर रहा था। बाइक से कीचड़ के छींटे दानिश के ऊपर पड़ गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गांव के जिम्मेदार लोगों के समझाने पर इस दौरान मामला निपट गया। आरोप है कि एक पक्ष कुछ युवकों को साथ लेकर दूसरे के घर में घुस गया। लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। मारपीट में दानिश घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव शुरू हो गया। मारपीट और पथराव से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डिडौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। भीड़ पर लाठी फटकार कर बिगड़ते हालातों को संभाला। पुलिस ने घायल दानिश को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक दानिश के बड़े भाई मोहम्मद आसिम की तहरीर पर अनस, मोहम्मद आसिफ, अलतमस, वसीम नामजद और पांच अज्ञात परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामला मारपीट का है। पथराव नहीं हुआ था।