हसनपुर(हसनपुर)। कोतवाली क्षेत्र में सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जमकर लाठी डंडे चले व पथराव भी हुआ। मारपीट में दोनों पक्षों के करीब 11 लोग घायल हो गए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में शांतिपूर्ण तनाव की स्थिति है।
गांव दौलतपुर कला में धार्मिक स्थल के नजदीक सरकारी हैंडपंप लगा हुआ है। इस से गांव के दो मोहल्लों के लोग पानी की आपूर्ति करते हैं। शुक्रवार सुबह को हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। किसी तरह से मामले को शांत कराया। मारपीट में एक पक्ष से मोंटी, काजल व शीशपाल घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से अमीना, फाजिल, शाहनवाज, मोनिस, गुलफाम, समसुद्दीन, आशफाक व नवाजिस घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। विवाद दो समुदायों में होने की वजह गांव में शांतिपूर्ण तनाव की स्थिति बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि सरकारी नल पर पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी है।