जिले में भीषण गर्मी पड़ने के साथ ही बीमारियां भी बढ़ रही हैं। गर्मी का असर वैसे तो हर आयु के लोगों पर पड़ रहा है, लेकिन बच्चे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। सरकारी व निजी अस्पतालों में बीमार बच्चों की भीड़ है। सबसे ज्यादा डायरिया बच्चों को चपेट में ले रहा है। गर्मी के मौसम में बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण बच्चों में डायरिया सबसे ज्यादा है। 70 प्रतिशत बीमार बच्चे डायरिया से पीड़ित है। बाकी 30 प्रतिशत बच्चे वायरल, टायफाइड बुखार, नजला जुकाम व खांसी से पीड़ित आ रहे हैं। पानी की कमी होने पर डायरिया से पीड़ित बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। बीमारियों से बचाव के लिए खानपान पर ध्यान देने की जरूरत है।
ताजा बने भोजन का सेवन करें और साफ-सफाई का खास ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में 964 मरीजों की ओपीडी हुई। जिसमें 52 लोग डायरिया से पीड़ित मिले हैं। इसमें 30 बच्चे शमिल थे। अधिक गंभीर होने पर सात बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया। अब वार्ड में कुल 32 मरीज भर्ती हैं। इसमें 17 बच्चे शामिल हैं।