ढबारसी सीएचसी पर घायल मरीजों को मुश्किल से प्राथमिक उपचार दिया जाता है। इसके बाद उसे तत्काल ही रेफर कर दिया जाता है। सीएचसी से लगे लगभग 15 से 20 गांव के लोगों को गंभीर मरीज को जिला अस्पताल या निजी अस्पताल में उपचार के लिए लेकर जाना पड़ता है। सीएचसी पर सिर्फ दो चिकित्सक डॉ. आरिफ शमी और डॉ. दीपशिखा की तैनाती है। डॉ. आरिफ शमी चिकित्सा अधीक्षक हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कम से कम सात चिकित्सक होने चाहिए। यहां अभी पांच चिकित्सकों की कमी है। बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ के साथ नाक कान एवं गले का चिकित्सक की भी तैनाती होनी चाहिए। स्टाफ नर्स में यहां तीन नर्स स्वाति, किरण, हेमलता मौजूद हैं। जबकि तीन स्टाफ नर्स की और तैनाती होनी चाहिए। वार्ड बॉय की भी कमी चल रही है। जिससे सफाई व्यवस्था भी खराब रहती है।