अमरोहा। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर तिगरी तट पर लगने वाले गंगा मेले के लिए एडीएम न्यायिक माया शंकर को मेला अधिकारी बनाया है तो एसडीएम धनौरा चंद्रकांता को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। इसके साथ ही अन्य व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए कहा गया है।
कलक्ट्रेट में तिगरी मेले को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने कहा कि मेले में कानून व्यवस्था व सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक पुलिस बल तैनात कराते हुए राजपत्रित अधिकारियों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। सड़क व पुलिया निर्माण का कार्य जिला पंचायत की ओर से समय से निबटा लिया जाना चाहिए। तकनीकी स्टाफ की तैनाती होनी चाहिए, जिससे समय से आवश्यक उपकरण मिल सकें। वहीं, प्रकाश व्यवस्था के लिए जेनरेटर की व्यवस्था की जाएं। मेले में पथ प्रकाश व घाटों पर प्रकाश की सही व्यवस्था होनी चाहिए। मेले में सफाई व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। समय-समय पर मोबाइल टायॅलेट, सीट की व्यवस्था के साथ-साथ जरूरी कीटनाशक का छिड़काव होना चाहिए। डिस्पेंसरी खोली जाएं। इससे श्रद्धालुओं को दवाई लेने के लिए भटकना नहीं पड़े। मेले में खाद्य अधिकारी समय-समय पर छापेमारी करेंगे जिससे मिलावटी खाद्य पदार्थो की बिक्री रोकी जा सके। महिला घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम के साथ कपड़े बदलने के लिए टीन शेड की व्यवस्था हो। गहरे पानी में बैरिकेडिंग हो। मेले में सतर्कता के लिए वाच टॉवर बनाया जाए। चीनी, तेल समेत अन्य जरूरी सामान के लिए राशन की दुकान खोली जाए। मेले में बातचीत के लिए पीसीओ खोले जाए। समय-समय पर सड़कों पर धूल न उड़े इसके लिए पानी का छिड़काव होते रहना चाहिए। मेले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कृषि, विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी।