अमरोहा। प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा रविवार को सैदनगली में आएंगे। वह मुख्यमंत्री के ओएसडी के दादा की तेरहवीं में शामिल होंगे। इसके अलावा डिप्टी सीएम, डीएम, एसपी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम जारी कर दिया है। हैलीपैड बनाया जा रहा है।
13 फरवरी को मुख्यमंत्री के ओएसडी अभिषेक कौशिक के दादा भगवत शरण शर्मा का मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। एक मार्च को उनकी तेरहवीं होगी। निधन की जानकारी होने पर मंत्री और नेता उनके घर सांत्वना देने पहुंचते रहे। तेरहवीं कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की चर्चाएं चल रही थीं। फिलहाल एक मार्च को होने वाली तेरहवीं में डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा शिरकत करेंगे। एडीएम के मुताबिक डिप्टी सीएम रविवार सुबह 10.50 बजे सरस्वती इंटर कॉलेज सैदनगली में बने हैलीपैड पर हेलीकाप्टर से उतरेंगे। जहां से कार से 11.10 बजे दयानंद इंटर कॉलेज सैदनगली पहुंचेंगे। इसके बाद 11.15 बजे से 11.40 बजे तक डीएम-एसपी और माध्यमिक/उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेगें। 12.40 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।