अमरोहा। राज्य निर्वाचन आयोग ने जमानत राशि को जमा करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। जमानत राशि अब ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। राजकोष डॉट यूपी डॉट एनआईसी डॉट इन के जरिए शुल्क जमा करने की सुविधा मिल गई है। इसके चलते दावेदारों को भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है।
ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सात और आठ अप्रैल को नामांकन हैं। नामांकन फॉर्म के साथ जमानत राशि जमा करनी है, जिसे भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जमा करने की सुविधा है। हालांकि बहुत कम लोगों के जमानत राशि कोषागार में जमा हो सकी है। अब दावेदारों को जमानत राशि के लिए ऑनलाइन जमा करने का विकल्प दिया गया है। इसके चलते अब घर बैठे ऑनलाइन जमानत राशि जमा की जा सकती है। डीएम उमेश मिश्र ने ऑनलाइन विकल्प के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। राजकोष डॉट यूपी डॉट एनआईसी डॉट इन को क्लिक करें। इसके बाद पेज खुलेगा, बायीं तरफ ऊपर पे विदाउट रजिस्ट्रेशन को क्लिक करें। विभाग में सिविल जमा पंचायत चुनाव भरें। मंडल और ट्रेजरी के विकल्प के बाद जमा करने वाले का नाम, जमानत राशि और पता दर्ज कर कैप्चा को भरें। सबसे अंत में सबमिट को क्लिक करें। इसके बाद नया पेज खुलेगा। भरे हुए रिकार्ड को जांच लें। इसके बाद प्रोसीड विद नेट बैंकिंग पेमेंट को क्लिक करें। इसके बाद चालान को क्लिक कर लें। चालान प्रति के ऊपर चालान अंकित कर जमा करें। इसके अलावा निर्वाचन अधिकारियों के पास जमानत राशि जमा करने की रसीद बुक भी रहेगी, यह लोग जमानत राशि के बराबर शुल्क लेंगे। इसके बाद रसीद देंगे।
जमानत राशि के लिए ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। राजकोष डॉट यूपी डॉट एनआईसी डॉट इन पर क्लिक करें। इसके बाद प्रक्रिया को पूरी करें। प्रिंट आउट को नामांकन फॉर्म के साथ संलग्न करें। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों में निर्वाचन अधिकारी जमानत राशि को नकद जमा करेंगे। विनय कुमार सिंह, एडीएम वित्त और राजस्व