आदमपुर। गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव सिमथला में सामुदायिक शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शौचालय में पानी की शीघ्र व्यवस्था कराए जाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहरी छोर पर तालाब के पास सामुदायिक शौचालय बना हुआ है। करीब एक साल से शौचालय में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे लोगों को शौचालय का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सबमर्सिबल पंप का पाइप टूटा पड़ा हुआ है। ग्राम पंचायत द्वारा इसकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी है। ग्राम पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने शीघ्र सामुदायिक शौचालय में पानी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की। इस मौके पर प्रेमपाल, हरिद्वारी, रामनिवास, विपिन कुमार, पर्वत, नरेश, विजय, महेंद्री देवी, शीला देवी, काजल, मोनिका,जगवती आदि मौजूद रहे। उधर, ग्राम प्रधान सुरेश कुमार का कहना है कि इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है। सामुदायिक शौचालय पर जो भी अव्यवस्थाएं हैं। शीघ्र ही ठीक करा दी जाएंगी।