अमरोहा। ग्राम जमालपुर नारायण में ग्रामीणों ने बिजली विभाग द्वारा नियम विरूद्ध खंभे लगाए जाने को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों दिनेश कुमार, अंकुर, रवि, हिम्मत सिंह, अनीता, बबीता आदि ने जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि उनका गांव नए परिसीमन में अमरोहा नगर पालिका में शामिल हुआ है। गांव में इस समय बिजली विभाग की और से खंभे लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार खंभे सर्वे व नक्शे के अनुसार लगाए जाने थे। लेकिन ठेकेदार एवं बिजली विभाग द्वारा कर्मचारियों की मिलीभगत से खंभे एक जगह से उखाड़कर दूसरी जगह लगा दिए गए। ग्रामीणों का कहना है कि घुमाव देने के कारण खंभो की संख्या बढ़ गई है। वहीं बिजली के तार सड़क पर दो बार गुजरने व गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रालियां निकलने पर लोगों को डर बना रहेगा। ग्रामीणों ने सरकारी सर्वे एवं नक्शे के अनुसार ही खंभे लगाए जाने की मांग की है।