बिजली समस्या को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने एसई कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलेभर में फुंके ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलवाने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधीक्षण अभियंता को सौंपकर कार्रवाई कराने की मांग की है।
संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में तमाम पदाधिकारी एकत्र होकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन देते हुए कहा कि नव निर्मित मध्य गंगा नहर को सिंचाई के लिए जल्द से जल्द चालू किए जाए क्योंकि प्रदेश सरकार का निर्णय है कि अब किसानों के निजी नलकूपों पर मीटर लगाए जाएंगे। नहर चालू होने से उन्हें सिंचाई के लिए निजी नलकूप पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कृषि फीडरों पर निर्बाध 10 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाए, फुंके हुए बिजली ट्रांसफार्मर तत्काल बदले जाएं। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से जोगेंद्र सिंह आर्य, हसनरजा, नेपाल सिंह, हेम सिंह, हरेंद्र सिंह आदि रहे।