अमरोहा। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट में सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
संघ के जिलाध्यक्ष विपिन कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में कर्मचारियों को नियमित कर दिया है, लेकिन बिजली विभाग में वर्षों से कार्यरत आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों को अब तक नियमित नहीं किया गया। जबकि कर्मचारी विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कई बार ट्रांसफार्मर फूंकने, लाइन फाल्ट और अन्य तकनीकी कार्यों के दौरान जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ता है।
आरोप लगाया कि लंबे समय से कार्य करने के बावजूद कर्मचारियों को कंपनी की ओर से पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। कई कर्मचारियों को न्यूनतम मजदूरी दर से भी कम भुगतान किया जा रहा है। यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
कहा कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन में कार्यरत आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही कर्मचारियों को श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले अधिकार और सुविधाएं सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। इस दौरान सुधीर कुमार, कमल सिंह, संदीप कुमार, सोमवीर सिंह, नरेश कुमार, अंकित, सत्यवीर सिंह, गौरव आदि मौजूद रहे।