हसनपुर (अमरोहा)। गांव चक गुलाम अंबिया के ग्रामीणाें ने मंगलवार को गंगा एक्सप्रेस-वे पर अंडरपास बनवाने की मांग लेकर एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। एसडीएम ने कहा कि गांव में सिर्फ सर्विस रोड बनाया जा सकता है। अंडरपास का निर्माण होना स्थानीय स्तर पर तय नहीं किया जा सकता।
मंगलवार को ग्रामीण ग्राम प्रधान हेमराज सिंह गुर्जर के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पर पहुंचे और ज्ञापन देकर गांव से गुजर रहे गंगा एक्सप्रेस-वे पर अंडरपास बनवाने की मांग की। कहा कि एक साल से मांग की जा रही है, लेकिन अधिकारियों की तरफ से सिर्फ आश्वासन मिल रह है। हाल ही में मुख्यमंत्री के दरबार में भी शिकायत की जा चुकी है। कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे की वजह से 100 साल पुराना रास्ता बंद हो गया है। एसडीएम ने कहा कि अंडरपास का निर्माण कराना स्थानीय अधिकारियों के हाथ में नहीं है। नाराज ग्रामीणों ने ज्ञापन देने के बाद एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस मौके पर वीर सिंह, संजीव कुमार, महिपाल सिंह, अरविंद कुमर, गोल्डी, मोहन सिंह, जसराम सिंह, सुखवीर सिंह आदि मौजूद रहे।