अमरोहा। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ की रजबपुर में हुई विचार गोष्ठी में अमरोहा समेत बिजनौर, रामपुर, संभल और मुरादाबाद के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए। संगठन ने दावा किया कि प्रबंधन से वार्ता सफल रही है और 55 से 60 वर्ष की उम्र का हवाला देकर हटाए गए कर्मचारियों को बहाल किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में पश्चिमांचल अध्यक्ष रणवीर सिंह, महामंत्री अभिनंदन शर्मा और संयुक्त मंत्री राजकुमार शर्मा मुख्य अतिथि रहे। वक्ताओं ने कर्मचारियों से संगठन मजबूत करने, सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने और नियमों का पालन करने की अपील की।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले में छोटी शिकायतों पर बिना सूचना कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया जाता है। उन्होंने ऐसी कार्रवाई रोकने और उत्पीड़न पर अंकुश लगाने की मांग की। संघ ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जल्द अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा जाएगा। गोष्ठी में जिला कार्यकारिणी का पुनर्गठन कर नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
इस दौरान सोनू सैनी, किरण पाल, शाहिद, रमेश त्यागी, अमित, राकेश, मोहम्मद लईक, सुनील कुमार, भूपेंद्र सिंह, ब्रजपाल और सत्यपाल सिंह मौजूद रहे।