हसनपुर। मंदिर के पुजारी पर हमला करने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली के गेट पर प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।
बृहस्पतिवार को गांव अल्लीपुर खादर के ग्रामीण कोतवाली पर पहुंचे। प्रदर्शन करते हुए कहा कि गांव अल्लीपुर खादर में शिव मंदिर है। मंदिर पर गंगा गिरी पुजारी हैं। 20 अप्रैल की रात को पुजारी मंदिर में सो रहे थे, तभी गांव के चार युवक मंदिर में घुस गए और पुजारी के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों से मारपीट की थी। जान से मारने की नीयत से गला दबाने का प्रयास भी किया था। शोर-शराबा सुनकर गांव के ही नंदराम और दीपक ने पुजारी को बचाया था। उस समय पुलिस से कोई शिकायत नहीं की थी, लेकिन अब फिर से आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
जाति-सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने पर प्राथमिकी
हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर खादर निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक मई को गांव में गौतम बुद्ध की जयंती मनाई थी। जयंती की वीडियो व न्यूज गांव के ही एक व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर की थी, इस पर गांव के ही एक व्यक्ति ने टिप्पणी कर जाति-सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि इस मामले में गांव अल्लीपुर खादर निवासी ब्रह्मपाल खड़गवंशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।