ढबारसी (अमरोहा)। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार देर रात दिल्ली दंगे के आरोपी पार्षद ताहिर हुसैन के पौरारा गांव में छापा मारकर एक शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद शिक्षक को छोड़ दिया। ये शिक्षक ताहिर के चचेरे भाई के स्कूल में पढ़ाता है। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से गांव में हड़कंप है।
आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव पौरारा के मूल निवासी आप पार्षद ताहिर हुसैन दिल्ली चांदबाग हिंसा में आरोपी है। ताहिर की तलाश में बुधवार की देर शाम दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने पौरारा गांव में छापा मारा था। इससे पहले हसनपुर में भी कार्रवाई की गई थी। गांव में ताहिर के चचेरे भाई से टीम ने पूछताछ की थी। इसके अलावा टीम ने ताहिर की फैक्टरी में काम करने वाले गांव के मजदूरों के बारे में जानकारी कर उनके नाम और नंबर लिए थे। इसके बाद टीम गांव से चली गई थी, लेकिन बाद में देर रात टीम दोबारा गांव पहुंची। टीम ने चचेरे भाई के स्कूल में पढ़ाने वाले एक शिक्षक को हिरासत में ले लिया। टीम ने उससे पूछताछ की। इसके बाद उसे छोड़ दिया। इंस्पेक्टर आदमपुर अशोक शर्मा ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया।