गजरौला (अमरोहा)। एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का आक्रोश देख संचालक अस्पताल से भाग गया। हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह समझा कर शांत किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मकनपुर शुमाली निवासी अमित की 26 वर्षीय पत्नी अनीता गर्भवती थी। जिसे इलाज के लिए सोमवार की शाम कुमराला चौकी के निकट निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। सोमवार देर रात अनीता ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत पर परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। गर्भवती की मौत के लिए परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों को जिम्मेदार ठहराते हुए अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए काफी देर तक हंगामा किया। हंगामा होता देख अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गया।हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि मौत का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डा.विशाल कुमार का कहना है कि निजी अस्पताल में महिला की मौत की जानकारी नहीं है।