अमरोहा। कांशीराम कालोनी निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उसका शव नगर के धनौरा रोड पर पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के कांशीराम कालोनी में स्व. ओमप्रकाश सिंह का परिवार रहता है। उनका बेटा दुष्यंत वर्मा सोमवार की दोपहर घर से बाहर निकला था। दिन भर घर नहीं पहुंचा। शाम को उसका शव नगर कोतवाली क्षेत्र में धनौरा रोड पर सड़क किनारे पड़ा देखा। संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। देर रात परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और शव की शिनाख्त दुष्यंत के रूप में की। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है।