शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे युवक पर तीन दोस्तों ने जानलेवा हमला कर दिया लाठी-डंडों और धारदार हथियार से बुरी तरह पीटा। आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है पुलिस ने मामले में तीन दोस्तों के खिलाफ जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज की है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के गांव मोढी जट्ट में प्रमोद कुमार का परिवार रहता है। पेशे से किसान प्रमोद कुमार का बेटा नीलांबर उर्फ गोलू दो अक्तूबर की रात 10:30 बजे कैलसा रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था। जैसे ही नीलांबर उर्फ गोलू की बाइक पाकबड़ा रोड स्थित पृथ्वीपुर गांव की नई आबादी के सामने पहुंची तभी डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कासमपुर निवासी युवकों ने पीछा कर उसकी बाइक को रूकवा लिया। जिसके बाद जान से मारने की नियत से लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घटना में नीलांबर के सिर, नाक और आंख पर गंभीर चोटें आईं। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। थोड़ी देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों ने घायल नीलांबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में मोहित, रोबिन, हितेश उर्फ सनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराएगी कार्रवाई की जाएगी।