थाना क्षेत्र के एक गांव में सुबह पांच बजे नवविवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
रहरा थाना क्षेत्र के सिरसा गुर्जर निवासी फूल सिंह ने अपनी बेटी राखी की शादी 6 माह पहले आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव बीजलपुर निवासी सुनील पुत्र केदारनाथ के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग राखी को दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। जिसकी शिकायत राखी ने अपने मायके पक्ष के लोगों से कई बार की थी।
बुधवार सुबह राखी का शव घर में कमरे के बाहर खूंटी पर लटका मिला। घटनास्थल पर पहुंची थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच पड़ताल में जुट गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा काटा और ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।वहीं पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए।
विज्ञापन
परिजनों ने कहा कि पुलिस अगर पहले कार्रवाई कर देती तो यह ना होता। मृतका के पिता फूल सिंह ने बताया कि पांच माह पहले पति व जेठ और सास ने राखी को मारपीट करके छत पर से नीचे फेंक दिया था। जिसमें राखी के गंभीर चोट आई थी। इसके बाद हमने आदमपुर पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।