कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसरोली निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पुरानी दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर मिला। शव पोस्टमार्टम के बाद हसनपुर लाया गया। यहां परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर गांव के ही एक शख्स पर शक जताते हुए शिकायत की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भैसरोली निवासी बलवीर का कहना है कि बड़े भाई जगतपाल काफी समय से बीमार थे। वह टीबी के मरीज थे। रहरा सीएचसी से उनका उपचार चल रहा था। इसी बीच गांव के ही एक व्यक्ति ने उनका बेहतर उपचार हरियाणा में कराने का भरोसा दिलाया। इलाज में मोटी रकम खर्च होने की बात की। करीब डेढ़ माह पहले जगतपाल से उसके नाम की एक बीघा जमीन बेची गई और उसकी पांच लाख की रकम लेकर गांव से हरियाणा के लिए निकल गए, लेकिन शनिवार को पुरानी दिल्ली से गांव में फोन आया कि जगतपाल की लाश पुरानी दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर पड़ी है। वहां पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव लेकर परिजन हसनपुर कोतवाली पहुंचे और गांव के व्यक्ति पर शक जाते हुए जांच की मांग की है। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद