हसनपुर (अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव में कक्षा बारह की छात्रा का शव आम के बाग में फंदे से लटका मिला है। हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव माझरा भगवानपुर निवासी किसान शीशपाल की 17 वर्षीय बेटी मीनाक्षी शनिवार से गायब थी। उसकी तलाश की जा रही थी। बताते हैं कि वह पास के ही एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। उसका शव रविवार शाम को गांव के नजदीक गांव निवासी सतीश शर्मा के खेत में आम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंच गई। शव को नीचे उतारा गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक छात्रा तीन बहन व एक भाई में सबसे बड़ी थी। छात्रा की मौत से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत
हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर निवासी सत्तर वर्षीय अनवार खां ग्यारह दिन पहले परिवार के लोगों के साथ हापुड़ में दवाई लेने गए थे। वहां वह सड़क हादसे में घायल हो गए थे। काफी उपचार कराया लेकिन सुधार नहीं हुआ। परिजन उपचार के लिए घायल को दिल्ली ले गये थे। दिल्ली में उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।