मृतक का कावेंद्र का फाइल फोटो।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। छह दिन से लापता किसान का शव नाले में पड़ा मिला। वह गन्ना सोसायटी जाने के लिए घर से निकला था। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी है। किसान शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है ।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के अहमदनगर- काशीराम कालोनी के पास की है। अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के गांव हासमपुर में कावेंद्र (45) पुत्र ओमप्रकाश का परिवार रहता है। कविंद्र सिंह पेशे से किसान हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटी और एक बेटा है। परिजनों के मुताबिक 6 दिन पहले कविंद्र सिंह गुना सोसाइटी में जाने के लिए कह कर घर से निकले थे। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजन तभी से उनकी तलाश में जुटे थे। बुधवार सुबह अहमदनगर से काशीराम कॉलोनी रोड स्थित नाले में उनका शव पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही अमरोहा देहात थाना और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को नाले से बाहर निकाला। शव पूरी तरह से फूल गया था। चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस का मानना है कि संभवत: मृतक शराब के नशे में नाले में गिरा है जिससे उसकी मौत हो गई है। इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।