अमरोहा। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मतदान कार्मिकों की तैनाती और निर्वाचन कार्य समय से पूरा कराने के लिए बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में प्रशिक्षण हुआ। मुख्य विकास अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी की अध्यक्षता में अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को ऑनलाइन डाटा फीडिंग की प्रक्रिया समझाई गई।
प्रशिक्षण में मतदान कार्मिकों का डाटा प्रपत्र-2 और प्रपत्र-3 पर दर्ज करने के साथ निर्वाचन कार्मिक तैनाती प्रणाली (ईपीडीएस) पोर्टल के संचालन की जानकारी दी गई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सात्विक शुक्ला ने डाटा फीडिंग और निर्धारित प्रारूप में सूचनाएं दर्ज करने के तकनीकी पहलुओं को समझाया।
सीडीओ ने नोडल अधिकारियों, जनपद स्तरीय अधिकारियों और कार्यालयाध्यक्षों को मतदान कार्मिकों का डाटा पूरी शुद्धता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ प्रशिक्षण लेकर निर्वाचन संबंधी कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। जिन विभागों ने प्रपत्र-1 की सूचना एनआईसी को नहीं भेजी है, उन्हें तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान एनआईसी के अनस जमाल, संजीव कुमार, दिवाकर और राजू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।