अमरोहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने भी जिले के लोगों को सतर्क रहते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही लोगों से सचेत और दामिनी एप डाउनलोड करने को कहा है। दोनों ही एप मौसम संबंधी जानकारी से अपडेट कराएंगे।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने मौसम से संबंधित गाइड लाइन जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ दिनों में मौसम खराब रहेगा। इसलिए मौसम संबंधी सरकारी चेतावनियों पर ध्यान जरूर दें और अलर्ट के अनुसार कार्य करें। घर की छत, नाली एवं जल निकासी की व्यवस्था को साफ रखें, बिजली के उपकरणों को सूखे व सुरक्षित स्थान पर रखें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, बच्चों व बुजुर्गों को अकेले बाहर न निकलने दें।
उन्होंने कहा कि दामिनी मोबाइल एप के अंतर्गत वज्रपात की सटीक चेतावनी 40 किलोमीटर के दायरे में 15 से 30 मिनट पूर्व देता है। उपयोगकर्ता को रीयल टाइम में चेतावनी, सुरक्षा उपाय, और सुरक्षित स्थानों की जानकारी मिलती है। सचेत मोबाइल एप भारत सरकार की ओर से विकसित यह ऐप मौसम अलर्ट, बाढ़, तूफान, भूकंप आदि आपदाओं की पूर्व चेतावनी देता है। इसमें भाषा विकल्प, लोकेशन बेस्ड अलर्ट, और तत्काल सरकारी दिशा-निर्देश मिलते हैं।
गूगल प्ले स्टोर से कर सकते है डाउनलोड
दोनों एप गूगल प्ले स्टोर व एपल एप स्टोर पर निशुल्क उपलब्ध हैं। एप डाउनलोड कर लोकेशन ऑन करके रखें, ताकि आपको मौसम की सही जानकारी मिल सके। साथ ही बिजली की गर्जना के समय खुले मैदान, खेत, तालाब, या नदियों में न जाएं, पेड़ों के नीचे खड़े न हो, बिजली अक्सर ऊंची वस्तुओं पर गिरती है, लोहे या धातु के वस्त्र, छाता, बाइक, ट्रैक्टर, साइकिल, मोबाइल का प्रयोग न करें। बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर या खुले तारों के पास न रहें, घर में भी बिजली चमकते समय टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन जैसे उपकरणों का प्रयोग भी न करें।
- किसी आपात स्थिति से बचने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जिला आपदा नियंत्रण कक्ष -1077/05922-252100, फायर स्टेशन-101, स्वास्थ्य विभाग-102/108, पुलिस सहायता-112 पर भी संपर्क किया जा सकता है। - ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, एडीएम वित्त व राजस्व
-