बुरावली। रहरा थाना क्षेत्र के गांव नानई में वैन में गैस भरते समय अचानक गैस सिलिंडर फट गया, जिससे देखते ही देखते गाड़ी आग का गोला बन गई। इससे आसपास के लाेगों में हड़कंप मच गया। लोगों को किसी तरह रेत डालकर आग पर काबू पाया।
क्षेत्र के गांव नानई में शुक्रवार दोपहर को एक वैन में गैस रीफलिंग कर रहा था। अचानक गैस लीक होने से सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के साथ ही गाड़ी आग का गोला बन गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत रेत डालकर आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि समय रहते लोग दूर हट गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक वैन गाड़ी जलकर बुरी तरह नष्ट हो चुकी थी। इस घटना की सूचना अग्निशमन विभाग व पुलिस को नहीं दी गई है। सीओ पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद