अमरोहा। साइबर ठगों ने होमगार्ड की फेसबुक आईडी हैक कर दोस्तों और परिचितों से रुपयों की मांग की है। मामले की जानकारी होते ही होमगार्ड के होश उड़ गए। आनन-फानन उन्होंने अपनी आईडी को रिमूव कर दिया। साथ ही नई आईडी बनाकर किसी को रुपये नहीं देने की अपील की है।
रहरा थानाक्षेत्र के लिसड़ा गांव निवासी सुबोध कुमार होमगार्ड जवान है। वह यूपी-112 पर तैनात है। वर्तमान में उनकी ड्यूटी हसनपुर में चल रही है। फेसबुक पर उनका एकाउंट सुबोध कुमार गुर्जर के नाम से है। प्रोफाइल पर वर्दी में फोटो लगा है। करीब 400 फेसबुक दोस्त उनके साथ जुड़े हैं। शनिवार को साइबर ठगों ने उनकी फेसबुक आईडी को हैक कर लिया। इसके बाद 50 से अधिक दोस्त और परिचितों को मार्मिक मैसेज भेजे। खुद को अस्पताल में बताकर 10 से 20 हजार रुपये तक की डिमांड की। मोबाइल नंबर 7240919722 पर गूगल पे या फोन पे करने को कहा। विश्वास बनाने के लिए अगले दिन रुपये वापस करने का दावा किया। गनीमत रही किसी दोस्त ने ठगों की मांग पर रुपये नहीं दिए। शक होने पर कुछ दोस्तों ने होमगार्ड को फोन कर फेसबुक हैक होने की जानकारी दी। इसके थोड़ी ही देर बाद होमगार्ड जवान ने अपनी फेसबुक आईडी को रिमूव कर दिया। साथ ही अपनी नई आईडी बनाकर अपने दोस्त और परिचितों से रुपयों नहीं देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें कोई मजबूरी भी नहीं है। पीड़ित होमगार्ड ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।