अमरोहा में शराब तस्करी का खुलासा करते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
अतरासी चौकी और जोया के बीच खंडहरनुमा मकान से तस्करी कर लाई गई पंजाब और हरियाणा मार्का शराब की 150 पेटी शराब बरामद की। शराब को हाईवे पर खंडहरनुमा मकान मेें रखा जाता था। तस्कर शराब की तीव्रता बढ़ाने के लिए बोतलों में नशे की गोलियां मिलाते हैं। पुलिस ने उत्तराखंड और हरियाणा के तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस कार्यालय में अवैध शराब का खुलासा करते हुए एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सीओ मोनिका यादव के निर्देशन में रजबपुर थाना इंस्पेक्टर आरके सिंह फोर्स के साथ गश्त चेकिंग कर रहे थे। तभी एनएच-24 स्थित अतरासी से जोया के रास्ते पर एक खंडहरनुमा मकान से पंजाब और हरियाणा मार्का शराब के साथ तीन तस्कर अमित चौधरी, बिट्टू कश्यप और बादल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया गया। जबकि इनके कब्जे से एक फर्जी पंजीकरण नंबर का चौपहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस को इनके पास से भारी मात्रा में नशे की गोलियां भी मिली हैं। बताया कि तस्कर पंजाब और हरियाणा के रास्ते सस्ती दरों पर अवैध शराब खरीदकर लाते हैं और शराब की बोतलों में नशे की गोलियां मिलाकर शराब की तीव्रता बढ़ाकर अमरोहा के आस-पास के क्षेत्र में बेच देते हैं।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों हरियाणा के झज्जर बहादुरगढ़ थाना के गांव मढ़ौती निवासी अमित चौधरी व थाना जाटुसना के गांव गोपालपुर निवासी बादल उर्फ घोड़ा और बिट्टू कश्यप मोहल्ला टांडा उज्जैन थाना काशीपुर जनपद उधमसिंह उत्तराखंड को जेल भेज दिया गया है।