नौगावां सादात थाना क्षेत्र के बागड़पुर इम्मा गांव निवासी करन सिंह रेलवे में खलासी थे। वे इसी साल 29 फरवरी को सेवानिवृत्त हुए हैं। रविवार को वे पत्नी दुलारी को साथ लेकर शहर आए। दोपहर करीब 12 बजे आजाद मार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से तीन लाख रुपये निकालने के बाद मोपेड में लगे डिग्गीनुमा बैग में रख लिए। अतरासी तिराहे पर पवे मोपेड खड़ी कर चोकर खरीदने लगे।
बताया जाता है कि इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक उनकी मोपेड की डिग्गी में रखे बैग की चेन खोलकर तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए। चोकर खरीदकर लौटे दंपत्ति ने जब बैग की चेन खुली देखी तो होश उड़ गए। शोर मचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सूचना पर सीओ सिटी शील कुमार व कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम मौके पर पहुंचे। पीड़ित दंपति से घटना की जानकारी की।
इसके बाद सीओ, कोतवाल बैंक पहुंचे। क्राइम ब्रांच भी बुलाई गई। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। पीड़ित दंपति को सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए लोगों में से रुपये उड़ाने वाले आरोपियों की पहचान करने को कहा। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दो संदिग्ध युवक नजर आए। इनको पुलिस व क्राइम ब्रांच ने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया। कोतवाल शैलेंद्र गौतम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में फोन करते हुए कैद हुए संदिग्धों को पकड़ने के बाद घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।