औषधि विभाग और हसनपुर पुलिस ने मंगलवार को हसनपुर में दो घरों में छापा मारकर करीब तीन करोड़ कीमत की दवाएं बरामद की हैं। औषधि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पकड़ी गई दवाएं अमेरिका और भारत की की नामी कंपनियों का लेबल लगाकर खापाई जा रही थीं। पकड़ी गई दवाएं एंटिबायोटिक बताई जा रही हैं। पुलिस ने तीन लोगों को भी हिरासत में ले लिया है।
औषधि विभाग की टीम और हसनपुर पुलिस मंगलवार को हसनपुर के मोहल्ला काला शहीद स्थित एक गोदाम में छापा मारने पहुंची। गोदाम दवाओं से भरा था। टीम ने गोदाम मालिक से दवाओं के बिल मांगे तो वह बिल नहीं दिखा पाया। पूछताछ के बाद टीम ने मोहल्ला कोर्ट पूर्वी रहरा रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर छापा मारा। यहां टीम को दवाओं का जखीरा मिला।
टीम ने दवाओं को जब्त कर लिया। साथ ही एक सपा नेता के भाई सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। औषधि निरीक्षक मुरादाबाद नरेश मोहन दीपक ने बताया कि पकड़ी गई दवाओं की कीमत लंगभग तीन करोड़ आंकी गई है। अभी पूरा आंकलन किया जा रहा है। सभी दवाएं एंटीबायोटिक हैं। उन पर अमेरिकन और भारतीय कंपनियों का लेबल लगा है। अभी छापा मारी चल रही है। अधिकारियों का दावा है कि पकड़ी गई दवाएं नकली हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।