गाजियाबाद निवासी दरोगा के भतीजे का शव नेशनल हाईवे किनारे बसे गांव कुदैना चक के खेत में एक ट्यूबवेल के पास मिला। वह शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रविवार सुबह सात बजे बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद से मुरादाबाद के लिए चला था। लेकिन दोपहर में उसका शव मिलने पर सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, परिजन किसी से भी रंजिश की बात से इंकार कर रहे हैं। लेकिन फिर भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। उधर, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
गाजियाबाद के सेक्टर-7 विजयनगर निवासी राम गोपाल सिंह दरोगा हैं। वह इस समय अमरोहा पुलिस लाइन क्यूआरटी में तैनात है। राम गोपाल वर्तमान में लाइनपार मझोला मुरादाबाद में रह रहे हैं। उनका भतीजा सत्यपाल सिंह रविवार को रामपुर में आयोजित भात कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से गाजियाबाद से मुरादाबाद आ रहा था। लेकिन, दोपहर को उसका शव नेशनल हाईवे स्थित एक ढाबे के पास गांव कुदैना चक के निकट एक खेत में ट्यूबवेल के पास मिला। वहां से गुजर रहे एक किसान ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव सीएचसी में रखवा दिया। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। सत्यपाल के शरीर पर कोई चोट का निशान भी नहीं है। परिजन किसी से भी रंजिश होने की बात से इंकार कर रहे हैं, लेकिन फिर भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।