भाजपा नेता के कार्यालय में तोड़फोड़ करते हमलावर सीसीटीवी में कैद हुए।
नेशलन हाईवे स्थित भाजपा नेता हरवीर सिंह सिद्धू के कार्यालय पर गुरुवार देर शाम हुए जानलेवा हमले में तोड़फोड़ व फायरिंग के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छह लोगों को नामजद करते हुए चालीस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बाकी के चेहरे पहचानने की कोशिश की जा रही है। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिशें दे रही है। हालांकि अब तक पुलिस किसी भी हमलावर तक नहीं पहुंच सकी है। हमले के दौरान कई हमलावरों के चेहरे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहे हैं। गुरुवार रात पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल पर पहुंच मौका मुुआयना किया था।
भारतीय जनता पार्टी के अमरोहा सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर के करीबी युवा भाजपा नेता हरवीर सिंह सिद्धू का नेशनल हाईवे स्थित एमडीए कालोनी गेट के पास ही आवास है। आवास के नीचे कार्यालय बनाया हुआ है। गुरुवार देर शाम हरवीर सिंह सिद्धू अपने कार्यालय में बैठे थे। इस दौरान यहां हसनपुर निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख महावीर सिंह चौहान, पिंटू, सुभाष, सौरभ समेत करीब सात आठ लोग मौजूद थे। इसी समय यहां दो दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी डंडों, लोहे की रोड से हमला कर दिया। तमंचों से कई राउंड फायरिंग करते हुए जमकर दहशत फैलाई थी। जो भी मिला उसे पीटना शुरू कर दिया। लोहे की रोड व लाठी डंडो से खूब तोड़फोड़ की गई। जिसमें कार्यालय में लगे एलसीडी टीवी, कांच के शीशे, दरवाजों के अलावा कार्यालय के बारह खड़ी चारबाइक, स्कूटी व तीन कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं थीं। यहां हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग से कार्यालय के दरवाजे में भी छेद हो गया था। हमले में घायल सभी लोगों को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया था। मामले की जानकारी मिलते ही रात में पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और घटना की बारीकी से पड़ताल की थी। सीसीटीवी फुटेज में ज्यादातर हमलावरों के चेहरे कैद हो गए। खास बात यह है कि कई हमलावरों के चेहरे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहे हैं। थानाध्यक्ष अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रणव उर्फ राघव निवासी ब्रजघाट, अबराज व मुजीम निवासी गांव सिहाली जागरी थाना हसनपुर, पवन कुमार निवासी गढ़मुक्तेश्वर, अमरपाल यादव निवासी गांव नवादा थाना गजरौला व बिट्टू चौहान को नामजद करते हुए तीस चालीस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।