अमरोहा। हसनपुर विकास खंड की पच्चीस ग्राम पंचायतों विकास कार्यों के लिए मिली धनराशि गबन का खुलासा हुआ है। धनराशि सफाई कर्मचारी के व्यक्तिगत खाते में ट्रांसफर की गई है। जिला प्रशासन ताबड़तोड़ एफआईआर कर रहा है। शुक्रवार को फिर डीपीआरओ ने सफाईकर्मी समेत नौ ग्राम पंचायत सचिव और प्रधानों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार को जिला पंचायत राज अधिकारी विमल कुमार ने रजबपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि शासकीय योजना एवं राज्य और 14वें वित्त आयोग में मिली धनराशि को इकौंदा के सफाई कर्मी मोहम्मद असलम के केनरा बैंक शाखा में संचालित व्यक्तिगत बचत खाते में विभिन्न तिथियों में ट्रांसफर करा लिया गया है। जबकि शासकीय धनराशि किसी भी व्यक्तिगत खाते में ट्रांसफर नहीं किया जा सकता। डीपीआरओ की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सफाई कर्मी असलम के अलावा तसिया, कूबी, घरौट, पीपली मेकचंद, तुकलकाबाद और फैय्याज नगर के प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ धारा 409, 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।