‘पत्नी को मारकर आया हूं, लाश घर में पड़ी है’
अमरोहा। शुक्रवार दोपहर डिडौली थाने पहुंचे एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उसने हथौड़े से सिर कुचलकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। जिसकी लाश घर में पड़ी है। ग्रामीण का यह दावा सुनते ही पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने ग्रामीण को हिरासत में ले लिया। थोड़ी देर बाद पता चला कि घटना अमरोेहा देहात थाना क्षेत्र के गांव तेलीपुरा में हुई है। थाने पहुंचे ग्रामीण के परिजनों ने कहा कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसकी पत्नी की हत्या नहीं हुई है बल्कि सीढ़ियों से गिरने की वजह से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एहतियातन ग्रामीण को पुलिस हिरासत में रखा गया है।
देहात थाना क्षेत्र के गांव तेलीपुरा में बलवंत सिंह का परिवार रहता है। उनके तीन बेटे हरकेश सिंह, सुरेंद्र सिंह और परवेंद्र सिंह हैं। उनके दूसरे नंबर के बेटे सुरेंद्र की शादी चार साल पहले मुरादाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव सैला निवासी अनु के साथ हुई थी। सुरेंद्र के दो बेटे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुरेंद्र डिडौली थाने पहुंचा और उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी की हत्या कर आया है। उधर, परिजन ग्रामीणों की मदद से अनु को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर घर पहुंच और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। सुरेंद्र के थाने पहुंचने की वजह से पुलिस को घटना की जानकारी मिल चुकी थी। डिडौली पुलिस से पता चलते ही देहात थाना प्रभारी किरनपाल सिंह मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी होने पर विवाहिता के मायके वाले भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। देहात थाना पुलिस ने सुरेंद्र को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों ने दावा किया है कि सुरेंद्र मानसिक रूप से कमजोर है, इसलिए पत्नी की हत्या करने की बात कह रहा है।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लेकिन उसके परिजनों ने लिखित में दिया है कि महिला का पति मंदबुद्घि है। महिला की हत्या नहीं की गई। बल्कि वह सीढ़ियों से गिरकर मरी है। फिर भी शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- किरनपाल सिंह, एसओ देहात थाना