अमरोहा। मुरादाबाद के छज्जूपुरा से देहात थाना क्षेत्र के जलीलपुर बक्काल भात में जा रहे बाइक सवार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा गन्ने के ट्रैक्टर ट्राली से हुआ। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने पुलिस कार्रवाई कराने को इंकार कर दिया है।
देहात थाना क्षेत्र के गांव जलीलपुर बक्काल निवासी छोटे सिंह के यहां शादी है। शनिवार की शाम जनपद मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र के छज्जूपुरा दोयम गांव के लोग छोटे सिंह के यहां भात देने के लिए आ रहे थे। परिजनों के मुताबिक परिवार के सभी सदस्य ट्रैक्टर ट्राली पर थे। जबकि 35 वर्षीय बेटा अतर सिंह अपने बेटे सुमित के साथ बाइक से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक नन्हेड़ा अल्यारपुर और जलीलपुर बक्काल के बीच पहुंची। तभी सामने से गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली आ गई। उसके बराबर से निकलते समय बाइक कूड़ी पर चढ़ गई। अतर सिंह नीचे गिर गए। ट्रैक्टर ट्राली का पहिया उन्हें कुचलता हुआ ऊपर से गुजर गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जबकि बेटा बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जवान बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई कराने के इंकार कर दिया है।