गजरौला। शनिवार को शाम से गायब युवक का शव देररात में जंगल में पेड़ पर लटका मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल हो गई। परिजनों में कोहराम मचा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव गंगापुरी निवासी जगपाल सिंह का 19 वर्षीय पुत्र अंकित शनिवार की शाम करीब तीन बजे घर से गया था। अंकित ने गांव में ही एक व्यक्ति से मिलने की बात कही थी। ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने अंकित को जाते हुए देखा था। उसने गले में दुपट्टा डाल रखा था। इसके बाद वह गायब हो गया और घर नहीं पहुंचा। शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। रात करीब 11 बजे परिजन अन्य ग्रामीणों के साथ ढूंढते हुए खेत पर पहुंचे, तो हक्के-बक्के रह गए। अंकित का शव खेत में पिलखन के पेड़ पर दुपट्टे से लटका हुआ था। युवक की मौत की सूचना से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में ग्रामीण मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम को भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में युवक के मानसिक रूप से तनाव में होने की बात कही है।