अमरोहा। छोटे बड़े मामले में तत्काल मौके पर पहुंचने वाली 100 डायल की गाड़ी को युवक ने सवारी गाड़ी बना लिया। जेब में पैसा नहीं होने पर युवक ने उझारी से गुन्नौर जाने के लिए 100 नंबर पर फोन करके पुलिस की गाड़ी बुला ली। सूचना पर पहुंचे युवक के परिजनों ने उसे मानसिक रूप से बीमार बताया। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये मामला पिछले महीने का है। उझारी निवासी जावेद ने 100 नंबर पर फोन करके 100 डायल पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची 100 पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे उझारी से गुन्नौर जाना था। जेब में पैसे नहीं थे। इसलिए 100 नंबर पर फोन किया। बाद में पुलिस ने सैदनगली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जहां युवक के परिजनों को बुलाया गया। युवक के भाई के मुताबिक जावेद मानसिक रूप से बीमार है। उसका इलाज चल रहा है। सैदनगली थाना प्रभारी अमित कुमार मान ने बताया कि करीब महीने भर पहले युवक ने फोन करके 100 पुलिस को बुलाया था। पूछताछ में पता चला कि युवक मानसिक रूप से बीमार है। वह नशे का आदि था। बाद में परिजनों को बुलाकर उसे सुपुर्द कर दिया गया।