शराब पीने के बाद एक और ग्रामीण की मौत
आजमगढ़ की घटना के बाद भी पुलिस नहीं ले रही सबक
अमर उजाला ब्यूरो
बछरायूं।
आजमगढ़ में जहरीली शराब से नौ लोगों की मौत के बाद भी पुलिस व आबकारी विभाग चैन की नींद सो रहा है। क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब के सेवन से एक हफ्ते में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अवैध शराब के सेवन से मौत होने की जानकारी से इंकार कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव तोमड़ा निवासी चंद्रपाल पुत्र हुकम सिंह (32) गांव में ही सफाई कर्मचारी है। बताया जाता है कि उसने सोमवार को पड़ोसी गांव मरगूबपुर में अवैध रूप से बिकने वाली शराब खरीदकर पी थी। शराब पीने के बाद उसकी हालत बिगड़नी शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे चिकित्सक केे यहां ले गए। उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि वह शराब पीने का आदी था। बीते गुरुवार को भी मरगूबपुर गांव के गोपाल पुत्र लक्ष्मण (31) की अवैध शराब पीने से मौत हो गई थी। परिजनों ने डर की वजह से बिना पुलिस कार्रवाई के उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। सूत्रों का कहना है कि मरगूबपुर गांव में एक ग्रामीण हलके के दरोगा व सिपाही की मिलीभगत से अवैध शराब का धंधा कर रहा है। थानाध्यक्ष सतीश शर्मा का कहना है कि शराब के सेवन से मौत की जानकारी उनको नहीं है। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।