अमरोहा। कैलसा बाईपास रोड स्थित कबाड़ की दुकान और गोदाम को दो दिन पहले ही एटीएस की टीम ने रेकी कर ली थी। सोमवार को टीम पहुंचते ही कैलसा बाईपास रोड पर गई थी। टीम ने कबाड़ की दुकान देखकर इसका लोकेशन और रास्ते की जानकारी एनआईए को दी थी। बुधवार को इस दुकान पर एनआईए ने छापा मार दिया।
26 दिसंबर की कार्रवाई के बाद एनआईए गिरफ्तार चार संदिग्ध आतंकियों को लेकर दिल्ली चली गई थी। इसके बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। कुछ अहम सुराग मिलने पर सोमवार दोपहर एटीएस की टीम अमरोहा आ धमकी। टीम एसपी आफिस में कुछ देर रुकने के बाद कैलसा बाईपास रोड स्थित कबाड़ की दुकान की रेकी कर रही थी। लेकिन रात में कोई कार्रवाई नहीं की गई। दूसरे दिन मंगलवार को टीम ने सैदपुर इम्मा और शहर मोहल्ला बाजार गुजरी में कार्रवाई की। वहीं रेकी के दो दिन बाद बुधवार को एनआईए की टीम ने कबाड़ की दुकान पर छापा मारा।
सुहैल को लेकर अमरोहा आ सकती है एनआईए
अमरोहा। शहर के मोहल्ला मुल्लाना से गिरफ्तार किए गए आईएसआईएस के नए मॉड्यूल हरकत-उल-हर्ब-ए-इस्लाम का सरगना मुफ्ती सुहैल को एनआईए की टीम पूछताछ के लिए अमरोहा ला सकती है। सूत्रों की माने तो फिलहाल सुहैल को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। सईद की तरह उसे भी अमरोहा लाकर कुछ स्थानों पर छापामारी की जा सकती है।
जांच में सहयोग करें, अधिकारियों से बहस न करें
नौगांवा सादात। संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी में सुर्खियों में चल रहा नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव सैदपुर इम्मा में बुधवार को प्रधान की मौजूदगी में ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में एनआईए और एटीएस की चल रही कार्रवाई पर चर्चा की गई। प्रधान ने ग्रामीणों से एनआईए की जांच में सहयोग करने की अपील की। कहा कि कार्रवाई में किसी तरह की बाधा न डाले। अधिकारियों से बहस न करें। जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।