अमरोहा। अपराध नियंत्रण को लेकर आयोजित क्राइम मीटिंग में एसपी के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने अधीनस्थों को अपराध पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर कई थानाध्यक्षों को कड़ी फटकार लगाई। नगर कोतवाली और धनौरा इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की। दोनों की थानेदारी छीनकर क्राइम ब्रांच में भेज दिया है। उनकी जगह एसपी ने अपने पीआरओ को धनौरा और चुनाव सेल प्रभारी को नगर कोतवाली की कमान सौंपी है। एसपी की कार्रवाई के बाद अन्य थानाध्यक्षों में खलबली मची रही।
शनिवार की रात करीब नौ बजे एसपी डॉ. विपिन ताडा ने सभागार में सभी थानाध्यक्षों के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक की। अपराध की समीक्षा की गई। एसपी ने विभिन्न थानाक्षेत्र में हुई वारदातों के खुलासा न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि तत्काल ऐसी घटनाओं का अनावरण कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। लंबित पड़ीं विवेचनाओं का निष्पक्षता क ेसाथ जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। कहा कि रात्रि में महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। जाने-अनजाने में किसी महिला को फोन या घूमने की सूचना मिलती है तो उसे गंभीरता से लेें। मौके पर पहुंचकर उसकी समस्या का समाधान किया जाए। 112 डायल पुलिस को हिदायत दी की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। सभी परिस्थिति में संबंधित थानाध्यक्ष पुलिस को सूचना दें। एसपी ने जिला कंप्यूटर कोआर्डिनेटर शेर सिंह को सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आरोपियों की गिरफ्तारी और विवेचनाओं में लापरवाही बरतने पर नगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार और मंडी धनौरा इंस्पेक्टर मुकेश कुमार से थानेदारी छीनकर उन्हें क्राइम ब्रांच में भेज दिया। इनके स्थान पर एसपी ने अपने पीआरओ सर्वेंद्र कुमार शर्मा को मंडी धनौरा और चुनाव सेल प्रभारी रविंद्र कुमार को नगर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी है।
एंटी रोमियो स्क्वायड का पुनर्गठन
अमरोहा। एसपी डॉ. विपिन ताडा ने रविवार को पुलिस लाइन में एंटी रोमियो स्क्वायड टीमों के साथ बैठक की। इस दौरान सभी बारह थानाक्षेत्रों में तैनात की गईं टीमों का पुनर्गठन किया। उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के अवगत कराया। कहा कि सभी टीमें स्कूल कॉलेज के टाइम में सतर्क रहे। साथ ही टीम का संपर्क महिला और बालिकाओं में रहना चाहिए। जिससे महिलाओं को लगे की एंटी रोमियो उनके साथ खड़ी है। अमरोहा नगर, गजरौला और हसनपुर में महिला पीआरवी की शुरुआत की गई है। रात के समय महिला के मदद मांगने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।